रोहड़ू। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर के रेड रिबन क्लब ने शनिवार को एचआईवी और एड्स पर जागरूकता रैली निकाली। रैली का आयोजन महाविद्यालय के एनएसएस, एनसीसी, रोवर्स एवं रेंजर्स, महिला प्रकोष्ठ, एंटी-ड्रग प्रकोष्ठ और एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ के सहयोग से किया गया। महाविद्यालय की ओर से एमओयू के तहत अपनाए गए पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सावड़ा और आरपी सौहटा डीएवी पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरस्वतीनगर के छात्रों ने भी रैली में भाग लिया। रैली का संचालन रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. पूनम चौहान के नेतृत्व में किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य समुदाय में एचआईवी, एड्स के बारे में जागरूकता फैलाना रहा। रेड रिबन क्लब के छात्रों ने लोगों को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए। रैली राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर से शुरू होकर सावड़ा बाजार क्षेत्र तक निकाली गई। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पूनम मेहता के मार्गदर्शन में हुआ।