कृषि एवं ग्रामीण विकास समिति आनस की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारी और सदस्य। संवाद
कृषि एवं ग्रामीण विकास समिति आनस ने किया कार्यकारिणी का गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उप तहसील नित्थर के आनस गांव में कृषि एवं ग्रामीण विकास समिति का गठन किया गया है। यह समिति क्षेत्र में केंद्र और प्रदेश सरकार की कृषि एवं सिंचाई योजनाओं को लेकर किसानों-बागवानों को जागरूक करेगी। साथ ही सिंचाई योजनाओं के कार्यान्वयन पर भी समिति निगरानी रखेगी। समिति की विशेष बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें धर्मपाल को सर्वसम्मति से प्रधान की कमान सौंपी गई हैं। राजन आनंद को सचिव, कपिल देव उप प्रधान और वीणी राम को कोषाध्यक्ष चुना गया है। इसके अलावा सदस्यों में अविनाश, वीर सिंह, अजय आनंद, नरेश चंद और निहाल चंद को शामिल किया गया है। समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष धर्मपाल ने कहा कि कुर्पण खड्ड उठाऊ सिंचाई एवं पेयजल योजना का निर्माण पूरा हो चुका है। इसकी टेस्टिंग भी की गई है और पानी नित्थर तक पहुंच चुका है। योजना से पंचायत देहरा के आनस गांव के लिए सिंचाई और पेयजल दोनों का लाभ मिलेगा। नित्थर और देहरा पंचायत के लिए इस योजना से पेयजल आपूर्ति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कृषि एवं ग्रामीण विकास समिति का कार्य भारत और हिमाचल सरकार की कई योजनाओं से किसान, बागवानों को अवगत करवाना है। समिति आनस गांव के लिए आने वाले सिंचाई के पानी का उचित बंटवारा हो, इसका ध्यान भी रखेगी।