रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल के दामों में की जा रही वृद्धि का विरोध किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमेश नेगी की अध्यक्षता में उपायुक्त गोपाल चंद के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर बढ़े हुए दामों को वापस लेने की मांग की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार की नाकामियों की वजह से इस कोरोना संकट में लोगों को अनेकों मुसीबतों से जूझना पड़ रहा है। मोदी सरकार ने 21 दिनों में लगातार 20 बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर जनता को महंगाई का तोहफा दिया है। इससे देश की महंगाई दर 20 से 25 प्रतिशत बढ़ गई है और आने वाले समय में यह महंगाई दर और अधिक बढ़ेगी। कांग्रेस ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर देश की जनता को महंगाई की मार से बचाने की मांग की है।
उधर, दूसरी ओर युवा कांग्रेस किन्नौर के कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष प्रताप नेगी की अगुवाई में रिकांगपिओ बाजार में कांग्रेस नेता और पूर्व सीपीएस नीरज भारती को देशद्रोह के केस में गिरफ्तार करने का विरोध प्रदर्शन किया। किन्नौर युकां ने इस संबंध में उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर इस मामले में कड़ा संज्ञान लेने और नीरज भारती की गिरफ्तारी रद्द कर उनके खिलाफ झूठे देशद्रोह के मुकदमे को तुरंत वापस लेने की मांग की। इस मौके पर किन्नौर कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, प्रीतम नेगी, प्रेम कुमार, सूर्या बोरस, सरोज नेगी, प्रेमप्रकाश नेगी, विश्वकर्मा, ललिता नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।