रिकांगपिओ (किन्नौर)। शोंगठोग कड़छम परियोजना में पांच महीने से वेतन न मिलने पर मजदूरों ने इंटक के बैनर तले कंपनी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करके रोष प्रकट किया। मजदूरों ने इंटक के नेताओं के साथ पटेल कंपनी के कार्यालय रिकांगपिओ के बाहर प्रदर्शन किया और जल्द वेतन देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी समय पर वेतन नहीं देती है तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इंटक जिला अध्यक्ष किन्नौर मान चंद ने बताया कि पटेल कंपनी में कार्यरत कई मजदूर जो ठेकेदारों के तहत काम में लगे हुए हैं उन्हें पिछले चार -पांच महीने से वेतन नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज एचपीसीएल के जीएम से मिलकर इस समस्या का समाधान करने के लिए बैठक का आयोजन करने के लिए कहा जाएगा ताकि मजदूरों को समय पर वेतन मिल सके।
इस मौके पर राज्य उपाध्यक्ष इंटक कुलवंत नेगी, यूनियन प्रधान ज्ञान प्रकाश नेगी, सचिव कृष्ण नेगी और यूथ इंटक जिला अध्यक्ष सुनील नेगी सहित कई मजदूर मौजूद रहे।