14.62 करोड़ की राशि खर्च कर किया निर्माण
दो महीने पहले मुख्यमंत्री कर चुके लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। उपमंडल मुख्यालय कोटखाई में 16 साल के लंबे समय के बाद आखिर विकास भवन का निर्माण पूरा हुआ। दो महीने पहले मुख्यमंत्री ने इसका उद्घाटन किया। अब मेन गेट से लेकर सभी कमरों में ताले लटके हैं। इस भवन का निर्माण संयुक्त कार्यालय के लिए किया गया ताकि लोगों को एक छत के नीचे कई सुविधाएं मिल सकें।
कोटखाई में करीब 14.62 करोड़ की राशि भवन निर्माण पर खर्च हुई। भवन एसडीएम कार्यालय, शिक्षा विभाग का खंड कार्यालय, राजस्व विभाग, तहसील मुख्यालय, विकास खंड कार्यालय, कृषि विभाग कार्यालय और मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के लिए कार्यालय बनाया गया है। कोटखाई में विकास भवन की आधारशिला वर्ष 2008 में तत्कालीन बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने रखी थी। इस भवन के निर्माण पर लोक निर्माण विभाग ने करवाया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस साल चार जनवरी को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसका लोकार्पण किया। इस भवन में अंदर एक सभागार है। लोगों के लिए बैठने के लिए स्थान और कैंटीन की सुविधा भी है। अब दो महीने का समय निकल गया है। अभी तक पूरे भवन में ताले लटके हैं। अधिकांश कार्यालय छोटे कमरों ओर निजी भवनों में चल रहे हैं। इसके चलते कर्मचारियों के साथ काम करवाने के लिए पहुंच रहे लोगों को परेशानी रहती है।
भवन सभी विभागों के पास सौंप दिया है। उसमें फर्नीचर और अन्य व्यवस्था विभागों को खुद करनी है। पीडब्ल्यूडी की ओर से प्रशासन के पास भवन सौंप दिया गया है। इसमें शीघ्र पूजन के बाद कार्यालय शुरू किए जा रहे है।
- मोहन शर्मा, एसडीएम कोटखाई