ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर विकास खंड की शाहधार पंचायत में शनिवार को प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में बंदरों से निजात दिलवाने के लिए सरकार के किए जा रहे प्रयासों को लोगों ने नाकाफी बताया। क्षेत्र के किसान-बागवानों ने कहा कि बंदरों द्वारा सेब सहित अन्य नकदी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस संबंध में सरकार को कोई जल्द से जल्द कोई कदम उठाना चाहिए।
एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में शाहधार, सराहन और किन्नू पंचायत के ग्रामीणों ने कुल 52 समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। कार्यक्रम में लोनिवि, आईपीएच, विद्युत बोर्ड, वन विभाग और पंचायती राज विभाग से संबंधित समस्याओं को ग्रामीणों ने प्रमुखता से उठाया। इनमें निजी और सार्वजनिक समस्याएं शामिल थीं।
वहीं सराहन पंचायत के नानण वार्ड के लोगों ने सरकार और प्रशासन से नानण वार्ड को सराहन से हटाकर ज्यूरी पंचायत में मिलाने की मांग उठाई। लोगों के अनुसार उनको सराहन पंचायत पहुंचने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती है, वहीं ज्यूरी पंचायत गांव के काफी नजदीक है और वहां पर पहुंचना भी काफी सुविधाजनक है।
प्रशासन जनता के द्वार में 17 लोगों के भूमि संबंधित इंतकाल, 17 प्रमाण पत्र जारी किए, 38 आधार कार्ड और गृहणी सुविधा योजना के तहत 55 परिवारों को गैस सिलेंडर और चूल्हा निशुल्क बांटा गया।
एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि कार्यक्रम में 52 समस्याओं के समाधान के लिए सभी विभागों ने एक महीने का समय मांगा है। प्रशासन जनता के द्वार में सभी तरह की समस्याएं संज्ञान में आई हैं। ग्रामीणों की कई समस्याओं का मौके पर निपटारा कर उन्हें लाभान्वित किया गया है।
इस मौके पर प्रेम सिंह ध्रैक, डीएसपी अभिमन्यु वर्मा, बीडीओ किमत राम, एक्सईएन आईपीएच अजीत नेगी, डीएफओ अशोक नेगी, आरएम गुरबचन सिंह, सीडीपीओ अजय बदरेल, एसएमएस कृषि विभाग रंजीत वर्मा, एसडीओ लोनिवि नवेदिता नेगी, एसडीओ विद्युत बोर्ड प्रदीप नेगी, निरीक्षक खाद्य एवं आपूर्ती डीडी ठाकुर, आरओ हीरा लाल, एएसआई सराहन सोमदत्त, शाहधार पंचायत प्रधान सुमन बिष्ट, प्रधान किन्नू यशपाल चौहान, प्रधान सराहन लीला मिल्लर, उप प्रधान गीतादत्त शर्मा, रूप सिंह, गोपाल ठाकुर, लेख राज बिष्ट, बीरबल और राकेश चंदा सहित अन्य मौजूद रहे।