रोहडू़। वीरभद्र सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अढाल में वन विभाग रोहडू़ की ओर से
पर्यावरण संरक्षण पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विभाग ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में सहायक वन संरक्षक धर्मचंद शर्मा और अरण्यपाल सुनील शर्मा ने कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र चौहान ने अधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में दसवीं कक्षा के छात्र पारस ने पर्यावरण संरक्षण पर भाषण प्रस्तुत किया।
धर्म चंद शर्मा ने कहा कि वनों का हमारे जीवन में अत्यंत महत्व है। हम सबका यह सामूहिक दायित्व है कि हम वनों को आग से बचाएं। उन्होंने वन संरक्षण के महत्वों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर ईको क्लब के सौजन्य से कई गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष हीरालाल शर्मा सहित प्राध्यापक, अध्यापक और गैर शिक्षक वर्ग उपस्थित रहा।