.बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, अदालत नियमित चलाने की रखी मांग
. नियमित अदालत न चलने से लोगों को लगानी पड़ रही शिमला की दौड़
. सर्दियों के दिनों में लोगों को झेलनी पड़ती है भारी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
बार एसोसिएशन ठियोग का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप की अगुवाई में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिमला में मिला। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के समक्ष ठियोग न्यायालय परिसर की समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने ठियोग न्यायालय परिसर में चल रहे अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय को नियमित रूप से चलाने की मांग रखी। एसोसिएशन अध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप ने बताया कि ठियोग में कई साल से महीने में मात्र सात दिन अतिरिक्त जिला सत्र अदालत लग रही है, जबकि लोगों को बाकी दिन शिमला जाना पड़ता है। इससे लोगों को बहुत परेशानी होती है। सर्दियों में बर्फ के कारण कुफरी में यातायात बंद हो जाता है और बाकी दिन भी जाम के कारण अपर शिमला के लोग चक्कर स्थित न्यायालय परिसर समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। उन्होंने कहा कि ठियोग में महीने में एक सप्ताह चलने वाले अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय में बड़ी संख्या में मामले हैं, जिनकी सुनवाई एक सप्ताह में नहीं हो पाती है और लोगों को शिमला की दौड़ लगानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि ठियोग न्यायालय परिसर में भवन और अन्य व्यवस्थाएं पर्याप्त हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इसके अलावा ठियोग न्यायालय परिसर में पार्किंग व्यवस्था और पुस्तकालय को लेकर भी बात रखी। मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन की मांग पर विचार कर पूरा करने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन को पुस्तकालय के लिए पांच लाख और पार्किंग के डंगों के लिए 20 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इसके लिए एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।