अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (पोक्सो कोर्ट) ने सुनाया फैसला
विज्ञापन
एक पिता और दो अलग-अलग माताओं की संतान हैं दोषी और पीड़िता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नाबालिग बहन से दुष्कर्म के एक दोषी को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो कोर्ट) की अदालत ने 20 साल की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। पीड़िता और दोषी दो अलग-अलग माताओं की संतान हैं, लेकिन दोनों का एक ही पिता है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (पॉक्सो कोर्ट) किन्नौर स्थित रामपुर की अदालत ने आरोपी जिला किन्नौर निवासी 22 वर्षीय सचिन कुमार 20 वर्ष के कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने बताया कि आरोपी और पीड़िता एक पिता और दो अलग-अलग माताओं की संतान हैं।
करीब 18-20 साल पहले आरोपी की माता अपने पुत्र यानी आरोपी को लेकर अपने पति से अलग रहने लगी। इस दौरान पीड़िता के पिता ने दूसरी शादी की और पीड़िता को जन्म दिया। आरोपी 18-20 साल के बाद वापस अपने पिता के पास अपना हिस्सा लेने आया, तो पिता ने उसे जमीन और एक घर दे दिया। इसके बाद आरोपी वहां पर अकेला रहने लगा और खाना अपने पिता व पीड़िता के साथ ही खाता था। वर्ष 2024 में पीड़िता 10वीं कक्षा में पढ़ती थी और 14 वर्ष की थी तो आरोपी पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें करने लगा और पीड़िता को धमकाया कि यदि इस बारे में किसी को भी बताया, तो उसे मार देगा।
पीड़िता उसकी इन हरकतों से बहुत ज्यादा आहत हुई, क्योंकि वह उसे राखी बांधती थी और अपना सगा भाई मानती थी। आरोपी की हरकतें बढ़ती रहीं और उसने पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी शराब पीकर इस घिनौने कार्य को अंजाम देता रहा। आरोपी ने पीड़िता को एक वीडियो भेजा, जिसमें वह एक पेड़ के पास रस्सी का फंदा हाथ में लेकर यह धमकी दे रहा था कि यदि यह बात किसी को बताई तो वह आत्महत्या कर लेगा। पीड़िता का मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा और उसने यह सब अपनी माता को बता ही दिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया गया। न्यायिक जांच के दौरान अदालत ने कुल 22 गवाहों के साक्ष्य दर्ज किए। सभी गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर आरोपी के खिलाफ आरोप सही पाए गए और अदालत ने उसे 20 वर्ष के कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। सरकार की ओर से मामले की पैरवी उप-जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने की है।