रोहड़ू में छह, टिक्कर में चार और जांगला में दो दुकानदारों पर कार्रवाई, निरीक्षण अभियान रहेगा जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और बिक्री में अनियमितताओं को लेकर उपमंडल प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासन की विशेष निरीक्षण समिति ने नियमों की अवहेलना करने पर तीन तहसीलों में 12 दुकानदारों के चालान किए हैं। इनमें रोहड़ू में छह, टिक्कर में चार और जांगला में दो दुकानदार शामिल हैं। एसडीएम धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ विक्रेताओं की ओर से अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष निरीक्षण समिति का गठन किया गया है, जो उपमंडल के विभिन्न बाजारों में दुकानों का निरीक्षण कर रही है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, निर्धारित मूल्य पर सामान बेचने और सही तौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, मूल्य या तौल में अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।