पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत समीक्षा बैठक में दी जानकारी
उपायुक्त किन्नौर ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत ली समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर में तीन सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ चिट्टा कारोबार मेें संलिप्त होने पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत समीक्षा बैठक में दी। यह बैठक रिकांगपिओ में उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जिला पुलिस की ओर से चिट्टा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और मादक पदार्थों को जब्त किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सरकारी भूमि पर उगाई जा रही भांग को पुलिस की ओर से नष्ट किया गया है। उपायुक्त ने पुलिस, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करें और जिले के लोगों ने विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन करें। डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मादक पदार्थों की लत युवाओं में कोई सामाजिक कलंक नहीं है और इनके प्रति समाज को संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना चाहिए, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र कल्पा में स्थापित किया है, ताकि नशे से ग्रस्त युवाओं को सही उपचार मिल सके। पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस की ओर से खुफिया तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। देर रात्रि वाहनों की जांच की जा रही है और नशे के तस्करों पर अंकुश लगाया गया है। पंचायत स्तर पर प्रबुद्ध लोगों को इस मुहिम में शामिल किया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर लोगों को चिट्टा जैसे घातक नशे पर जागरूक किया जा सके। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे नशे के तस्करों की जानकारी 112 नंबर पर दें और उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जिले में तीन सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ चिट्टा कारोबार मेें संलिप्त होने पर कार्रवाई शुरू कर दी है। बैठक की कार्रवाई का संचालन जिला कल्याण अधिकारी नितिन राणा ने किया और जिला में नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को जागरूक करने के लिए किए जा रहे कार्यों से उपस्थित लोगों को अवगत करवाया। बैठक में सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग ऋषभ कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. अश्वनी नेगी, सहायक वन संरक्षण अधिकारी करण कपूर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।