रामपुर बुशहर। शहर के शीशमहल में चोरी की वारदातों के आरोपी नाबालिग को पुलिस ने धर दबोचा है। नाबालिग के बयान पर पुलिस ने चोरी किए सोने को बेचने और उसे खरीदने वाले सुनार पर भी मामला दर्ज किया है। बीते दिनों शहर के शीशमहल में चोरी की वारदातें सामने आई थीं।
वार्ड में रह रही महिलाओं ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने उचित कार्रवाई की मांग उठाई थी। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुट गई और तफ्तीश के दौरान सबूतों के आधार पर एक आरोपी से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी नाबालिग ने चोरी का आरोप स्वीकार किया और बताया कि उसने 10 अप्रैल को शीशमहल से चोरी किए दो मोबाइल फोन कोटला में अपने दोस्त के पास रखे। उन्हें भी बरामद कर लिया है। साथ ही बताया कि बीती आठ फरवरी को भी उसने शीशमहल में चोरी की और यहां रहने वाली सुमन कायथ की एक जोड़ी सोने के कांटे चुराए।
इसे उसने सुनार को बेच दिया। सोना खरीदने वाले सुनार चंद्रभूषण सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी रामपुर शिवानी मेहला ने बताया कि पुलिस ने चोरी को अंजाम देने वाले और चोरी किए गए सामान को खरीदने एवं बेचने वाले को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। संवाद