सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
चोरी करने के बाद बार-बार लोकेशन बदल रहा था 21 वर्षीय आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या में रामपुर शहर के तीन मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले को पुलिस ने लुधियाना से धर दबोचा है।आरोपी कुल्लू जिला का रहने वाला है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पंजाब के जिला लुधियाना पहुंच गया था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर रामपुर ला रही है। तकनीकी जांच के आधार पर चोरी की घटना में संलिप्त संदिग्ध की पहचान कुल्लू निवासी 21 वर्षीय सौरव के रूप में हुई है। पुलिस थाना रामपुर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 14 अगस्त की रात को रामपुर मुख्य बाजार स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर, दो नालू स्थित शिव और शनि मंदिर के दानपात्र चोरी हो गए। चोर ने मंदिर में रखे दानपात्र चुराकर उसमें रखी नकदी उड़ा ली थी और दानपात्र मंदिर की कुछ दूरी पर फेंक दिए। इसके बाद 15 अगस्त को पुलिस थाना रामपुर में इस संबंध में शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे वीरवार को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए फरार चल रहा था और अपनी लोकेशन बार-बार बदल रहा था, लेकिन निरंतर प्रयास से चोर को पकड़ने में पुलिस टीम को आखिर सफलता मिल ही गई। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।