अब तक मामले में पांच आरोपियों की हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल पुलिस ने चिट्टा मामले में नीलम गैंग के दो और गुर्गों को गिरफ्तार किया है। बैंक डिटेल खंगालने के बाद पुलिस ने इस मामले में अभी तक पांच गिरफ्तारियां की हैं। मामले में और गिरफ्तारियों होने की संभावना है।
पुलिस ने सोमवार को सुनील चौहान निवासी शील और हिमाशु निवासी शिरठी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नीलम गैंग से तार जुड़े होने के पुलिस को सुराग मिले हैं। पुलिस ने मुख्य सरगना पुराना जुब्बल की नीलम और उसकी सहयोगी मनिंदर कौर निवासी हरियाणा को 30 नवंबर को जुब्बल में 12.50 ग्राम चिट्टा और 63,690 रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। उसके बाद पुलिस ने जुब्बल से कश्मीरी युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस को जांच में पता चला है कि इन लोगों ने गिरफ्तार युवतियों के साथ चिट्टे के कारोबार में सहयोग किया है। अभी पुलिस अन्य लोगों के सुराग खंगालने में जुटी है। जुब्बल के थाना प्रभारी चेतन चौहान ने बताया कि मामले की तह तक जांच होगी। सुराग मिलने पर जो संलिप्त पाया गया, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है।