पूछताछ और कानूनी कार्रवाई करने के बाद रिहा किया
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ और पीछा करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने उससे पूछताछ की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे रिहा कर दिया। मामले में पीड़ित युवती के बयान भी अदालत में दर्ज करवाए गए हैं। इस मामले में चौपाल थाना में एक युवती ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह कंप्यूटर सेंटर से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसका पीछा किया और उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद युवती ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। लगातार छानबीन और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ने में सफलता हासिल की। उधर, पीड़ित युवती के बयान भी न्यायालय में दर्ज करवाए गए हैं, ताकि मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों ने महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों और शिक्षण संस्थानों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी उठाई है।