दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर पाया काबू संवाद न्यूज एजेंसी कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
उपमंडल कुमारसैन के बड़ागांव में शुक्रवार सुबह एक मकान की सबसे ऊपरी मंजिल जल गई। घटना में पीड़ित परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने के दौरान एक जोरदार धमाका भी हुआ। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों को चोट नहीं लगी। यह आग कुमारसैन के बड़ागांव बाजार में जिया लाल के तीन मंजिला मकान की सबसे ऊपरी मंजिल में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी मंजिल को चपेट में ले लिया। इस दौरान एक धमाका भी हुआ, जो माना जा रहा कि सिलिंडर फटने से हुआ। इससे आसपास खड़े लोग सहम उठे। आग लगने की सूचना विभाग को दी गई। कुमारसैन से दमकल की गाड़ी मौक पर पहुंची। कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया और मकान की निचली दो मंजिल को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि, टॉप फ्लोर में चार से ज्यादा कमरे और इनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। तीन मंजिला इस मकान में लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन नुकसान के आंकलन में जुटा है।
कुमारसैन के बड़ागांव में स्थित मकान में लगी आग। संवाद