. पेशियों से गैर हाजिर रहने पर अदालत ने भगौड़ा किया था घोषित
. सड़क हादसे के मामले आरोपी है प्रेम पून
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग चार वर्षों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी प्रेम पून को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शनिवार को पटसारी क्षेत्र से पकड़ा गया। प्रेम पून को सड़क दुर्घटना से संबंधित एक मामले में न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने के लिए 1 जुलाई 2023 को उद्घोषित अपराधी (भगौड़ा) घोषित किया गया था। यह गिरफ्तारी पुलिस थाना जुब्बल की टीम और उपमंडल रोहड़ू के पीओ सेल के संयुक्त अभियान का हिस्सा है। पुलिस उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चला रही है। प्रेम पून के खिलाफ जुब्बल थाना में साल 2022 में भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने चालान अदालत में दायर किया। अदालत ने आरोपी को पेश होने के लिए समन, वारंट आदि जारी किए, लेकिन वह लगातार गैर हाजिर रहा। लगातार अनुपस्थिति के कारण न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया। आरोपी लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर था। जिला शिमला पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम और पीओ सेल ने शनिवार को पटसारी क्षेत्र में दबिश दी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि उद्घोषित अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा। कानून से बचने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।