आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में हिजड़ा समुदाय की ओर से शगुन के नाम पर मनमाने ढंग से पैसे मांगने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नवजात शिशु के जन्म, शादी-विवाह अथवा अन्य शुभ अवसरों पर हिजड़े घर-घर पहुंचकर भारी राशि की मांग करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पैसे नहीं देने पर बददुआ देने जैसी बातें कहकर लोगों पर मानसिक दबाव बनाया जाता है, जिससे लोग भयवश राशि देने को मजबूर हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए ऐसी स्थिति बेहद परेशानी का कारण बन रही है, जिन परिवारों के पास अधिक पैसे नहीं होते, उन्हें कथित रूप से अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में क्षेत्र के निवासी संदीप सैम, जोत राम, किशन, कुलदीप, मनजीत, मंगल, प्रदीप, विद्या दत्त, सुनील और यशपाल ने एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में प्रशासन से आग्रह किया गया है कि किसी भी व्यक्ति की ओर से शगुन के नाम पर जोर-जबरदस्ती, डराने-धमकाने या अनुचित तरीके से धन की मांग करने पर रोक लगाई जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लिए हिजड़ों को पैसे देना अनिवार्य नहीं है। यदि कोई अपनी इच्छा और श्रद्धा से शगुन देना चाहता है, तो यह उसका व्यक्तिगत निर्णय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी के साथ जबरदस्ती, धमकी या दबाव बनाकर पैसे वसूलने की शिकायत मिलती है, तो प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।