ज्ञाबुंग संपर्क मार्ग से नीचे गिरी कार।
- फोटो : RAMPUR-HP
पूह (किन्नौर)। किन्नौर जिले के पूह खंड के ज्ञाबुंग संपर्क मार्ग पर बौदंग नाले के समीप एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में ज्ञाबुंग गांव के दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्जकर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब सवा दस बजे बौदंग नाले के नजदीक एक कार मोड़ते हुए अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक विनीत कुमार नेगी (31) गांव ज्ञाबुंग, तहसील पूह, जिला किन्नौर और पवन कुमार (29) गांव ज्ञाबुंग, तहसील पूह की मौके पर ही मौत हो गई। पूह थाने से थाना प्रभारी पुष्प देव शर्मा, एएसआई गोपाल सिंह, मुख्य आरक्षी सुरेंद्र, आरक्षी बलजीत और गृहरक्षक रत्न भूषण की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों को खाई से बाहर निकालकर सीएचसी पूह में पहुंचाया। शवों को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। सड़क हादसे की सूचना सागर नेगी ज्ञाबुंग निवासी ने पुलिस थाना पूह को दी। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार पूह जय सिंह ने भी घटना स्थल का दौरा किया और प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत दी। उधर, डीएसपी किन्नौर विपिन कुमार ने कहा कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।