बारंग के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई कार।
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर की बारंग शोंगठोंग संपर्क सड़क पर वीरवार देर रात 12 बजे एक कार के गहरी खाई में गिरने से एक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक को मामूली चोटें आई हैं।
मृतक व्यक्ति नेपाली मूल का है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव को पहचान के लिए शव गृह रिकांगपिओ में रखा गया है। दो गंभीर घायलों को रामपुर और एक को शिमला रेफर किया गया है। कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक संदीप कुमार (31) पुत्र केदार सिंह निवासी कंडार, भूपेश (22) पुत्र अनंतराम निवासी युवारंगी और अभिषेक (25) पुत्र ज्ञान प्रताप निवासी चगांव गंभीर रूप से घायल हो गए। विशाल भंडारी निवासी तेलंगी को मामूली चोटें आईं। पुलिस को हादसे की सूचना शुक्रवार सुबह मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की।
एएसआई लायक राम ने बताया कि चालक संदीप कुमार वीरवार देर रात लगभग 12 बजे कार एचपी26 ए 3048 में 4 अन्य लोगों के साथ शोंगठंग से बारंग की ओर जा रहा था। बारंग पुल के पीछे कच्ची मोड़ के पास गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी सड़क से लगभग 250 फीट नीचे गहरे नाले में जा गिरी। एक नेपाली मूल के व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल भूपेश और अभिषेक को रामपुर और चालक संदीप को शिमला रेफर किया गया है।
उधर, एसपी किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। शव को शव गृह रिकांगपिओ में रखा गया है। पुलिस ने थाना रिकांगपिओ में मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।