सांगला (किन्नौर)। जिले के निचार खंड के चगांव संपर्क मार्ग पर बस अड्डे के समीप एक कार 4500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। शुक्रवार देर रात हुए कार हादसे में चालक सहित एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शवों को परिजनों को सौंप दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को चगांव निवासी अतुल नेगी ने पुलिस थाना टापरी को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टापरी किरण कुमारी, एएसआई शिव देव जोगटा, मुख्य आरक्षी भूमनेश राणा, सुरक्षा इकाई प्रभारी रामकृष्ण नेगी, मानक मुख्य आरक्षी राजवंत सिंह नेगी और ग्रामीणों ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार सवार यूला गांव क्रियाकर्म में गए थे। वहां से चगांव होते हुए भावावैली के कटगांव की तरफ जा रहे थे कि चगांव संपर्क मार्ग पर कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक रमेश कुमार नेगी (38) पुत्र स्व. गोपीचंद नेगी और अनिल कुमार नेगी (42) पुत्र सूबेदार गुलाब सिंह नेगी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, एसडीएम भावानगर मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को दस हजार की फौरी राहत दी गई है। उधर, एसपी किन्नौर एसआर राणा ने कहा कि शुक्रवार देर रात को कार हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हुई। शवों को शनिवार पीएचसी टापरी में पोस्टमार्टम करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।