रचोली पंचायत के पशाडा गांव में पेश आया हादसा
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर की रचोली पंचायत के पशाडा गांव में सेब के बगीचे में काम करते वक्त एक युवक खेत से करीब 33 फीट नीचे जा गिरा। इस हादसे में व्यक्ति को काफी चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शिमला जिले की रामपुर तहसील के पशाडा गांव निवासी 42 वर्षीय कपिल देव मंगलवार सुबह करीब 9:00 बजे घर से अकेला घास के लिए बगीचे की ओर गया। शाम तक वापस न आने पर परिजन और ग्रामीण ओडी स्थित बगीचे में पहुंचे, तो कपिल देव बगीचा में अचेत अवस्था में पड़ा था। इस बारे में पंचायत प्रधान वीना नेगी को सूचित किया गया और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। मृतक कपिल देव के शव का उसके चाचा खुशी राम, भतीजे विक्रम चौहान, प्रधान और स्थानीय लोगों के सामने बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण करने पर मृतक के मुंह पर हल्की खरोंचें, दांत टूटा हुआ और जीभ कटी हुई थी। उसकी छाती और कमर में चोटों और रगड़ के निशान भी मौजूद पाए गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पाया गया कि मृतक कपिल देव सीढ़ीनुमा ऊंचे खेत से नीचे जा गिरा था। जांच में यह दूरी करीब 33 फीट पाई गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान कलमबद्ध किए हैं। परिजनों ने इस संबंध में कोई शक जाहिर नहीं किया है और मृतक की मौत गिरने के कारण होनी पाई जा रही है। बुधवार को खनेरी अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।