आनी (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गडसा कुल्लू में अंडर-14 जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। आनी स्कूल ने लोक नृत्य प्रतियोगिता में जिला स्तर पर लगातार सातवीं बार विजेता का खिताब हासिल किया। यह स्कूल इस वर्ष फिर से राज्य स्तर पर चंबा में जिला कुल्लू का प्रतिनिधित्व करेगा। स्कूल के प्रतिभागियों ने समूहगान में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में शास्त्री आशा ठाकुर का विशेष मार्गदर्शन रहा। पीईटी कांशी राम ठाकुर और शादी लाल ने विशेष भूमिका अदा की। पाठशाला प्रभारी नरेश ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष खेमराज ठाकुर सहित सभी शिक्षकों ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। राज्य स्तर के लिए शुभकामनाएं दीं।