विद्यार्थियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को उठानी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। आहार-रामपुर रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क में खड़ी हो गई। इससे क्षेत्र की करीब 15 से 20 पंचायतों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। बस सेवा बाधित होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
शनिवार सुबह चालक बस को रामपुर जाने के लिए सड़क पर मोड़ रहा था, तभी बस में तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच सड़क में ही खड़ी हो गई। इस बस सेवा से ग्राम पंचायत जंजैली, कांगल, मोगड़ा, घड़ेवती, बनाहर, शिवान, बड़ागांव, जार और शलौटा सहित आसपास की पंचायतों के लोगों को परिवहन सुविधा मिलती है।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह बस सेवा काफी महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेज जाने वाले छात्रों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिलती है। बस खराब होने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन का सहारा लेना पड़ा। इससे विशेषकर शिक्षण संस्थानों में जाने वाले विद्यार्थियों और अपने कार्यस्थलों तक पहुंचने वाले कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ गईं।
लोगों के अनुसार, कई पंचायतों के लोग आवागमन के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं। ऐसे में इस रूट पर नियमित बस सेवा उपलब्ध होना जरूरी है। ग्रामीणों ने एचआरटीसी प्रबंधन से बस की मरम्मत करवाकर रूट पर नियमित परिवहन सुविधा बहाल करने की मांग की है।