देवता साहिब गणेश महाराज के सानिध्य में दो दिवसीय आयोजन, ग्रामीणों ने डाली नाटी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
रामपुर उपमंडल के खनेवली गांव में देवता साहिब गणेश महाराज के आगमन के साथ पारंपरिक लौ मेला धूमधाम से शुरू हुआ। देवता साहिब के साथ देवलुओं के खनेवली पहुंचते ही पूरा क्षेत्र ढोल-नगाड़ों की गूंज से गुंजायमान हो उठा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ग्रामीणों ने देवता साहिब का स्वागत किया। देव दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने नाटी भी डाली। दो दिवसीय पारंपरिक लौ मेले को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। मेले के दौरान पारंपरिक संस्कृति के रंग में खनेवली सराबोर रहेगा। ढोल-नगाड़ों और करनाल की धुन पर महिला और पुरुष पारंपरिक नाटियों का दौर चलाएंगे। देवता साहिब के सानिध्य में होने वाला यह मेला केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि क्षेत्र की सदियों पुरानी लोक संस्कृति और देव परंपरा को जीवंत रखने का माध्यम भी है। मेले में बुजुर्गों से लेकर युवा पीढ़ी तक की भागीदारी देखने को मिल रही है। नवयुवक मंडल खनेवली की ओर से यह आयोजन किया जा रहा है। नवयुवक मंडल के अध्यक्ष मूलराज जकटू, उपप्रधान प्रशांत मेहता, सचिव मनीष बद्रैक, कोषाध्यक्ष सचिन मेहता, मीडिया समन्वयक जतिन बद्रैक, सलाहकार राहुल बद्रैक, राहुल जकटू, अतुल ठाकुर, सीपी जकटू, गोलू मेहता, संतोष ठाकुर, चंदन और बॉबी कश्यप सहित अन्य लोगों का कहना है कि आधुनिक दौर में भी लौ मेले की परंपरा उसी उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देव दर्शन, पारंपरिक नाटियों और आपसी मेलजोल के माध्यम से ग्रामीण अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाएंगे।