करागला पंचायत में विशेष ग्राम सभा के दौरान उपस्थित लोग। संवाद
करागला पंचायत में विशेष ग्राम सभा का किया आयोजन
लोगों को योजना के बारे में दी विस्तृत जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)।
करागला पंचायत में बुधवार को विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा की अध्यक्षता पंचायत प्रधान ज्ञान मेहता ने की। बैठक में अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत पात्र लाभार्थी परिवारों के चयन को लेकर चर्चा की गई। सभा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी विशेष रूप से भाग लिया। चयन प्रक्रिया से जुड़ी समिति के सदस्यों ने आवेदकों की ओर से प्रस्तुत दस्तावेज का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही सरकार की ओर से निर्धारित मापदंडों के आधार पर उनकी पात्रता का सत्यापन किया गया। समिति ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक पहुंचे। ग्रामसभा में योजना के तहत कुल 22 परिवारों का चयन किया गया। वहीं, किसी कारणवश योजना के लाभ से वंचित रह गए पात्र परिवारों को आगामी चरण में शामिल करने का आश्वासन दिया गया। पंचायत प्रधान ज्ञान मेहता ने कहा कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहना चाहिए। पंचायत स्तर पर चयन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से की जा रही है, जिससे योजना का लाभ सही लोगों को मिल सके। इस अवसर पर पंचायत उपप्रधान सुशील ठाकुर, वार्ड पंच अनिल मेहता, धर्मपाल गुप्ता, राकेश मेहता, नीमा देवी, उमा देवी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि और पात्र परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।