रोहडू में प्रदर्शन के दौरान किसान सभा राज्य कमेटी के सदस्य संजय चौहान
किसानों की मांगों को लेकर रोहड़ू बाजार में रैली निकालकर किया प्रदर्शन
रोहड़ू। हिमाचल किसान सभा और सेब उत्पादक संघ ने अपनी मांगों को लेकर रोहड़ू बाजार में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में रोहड़ू उपमंडल में सेब उत्पादक संघ की कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू, नावर, देवरीघाट और छौहारा की ग्रामीण इकाइयों के सदस्य शामिल हुए। प्रदर्शन में सेब उत्पादक संघ राज्य कमेटी सदस्य संजय चौहान ने कहा कि भूमिहीन किसानों का संकट दूर करने की केंद्र और प्रदेश सरकार पहल करे। उन्होंने प्रदेश सरकार से आपदा प्रभावित, भूमिहीन और सीमांत किसानों पर मंडरा रहे संकट से राहत पहुंचाने के लिए याचिका दायर कर उच्च न्यायालय के पांच अगस्त के आदेश पर रोक करने की मांग की उठाई। सेब उत्पादक संघ, प्रदेश सरकार की ओर से विधानसभा में पारित और केंद्र सरकार को प्रेषित भूमि संबंधी संकल्प पत्र में उल्लेखित बातों को सिरे चढ़ाने की पहल जारी रखने की मांग भी की। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि वन संरक्षण अधिनियम 1980 में संशोधन कर किसानों व आपदा प्रभावितों को कृषि कार्य, घरों व छोटे-मोटे व्यवसाय के लिए भूमि आवंटन करने की छूट दी जाए। सेब उत्पादक संघ ने प्रदेश सरकार से मांग कि वन अधिकार अधिनियम को प्रभावी रूप से क्रियान्वित कर प्रभावितों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। उन्होंने मांग की है कि जमीन व घरों से बेदखली पर रोक लगाई जाए और कम से कम पांच बीघा तक कृषि भूमि व घरों के लिए तीन बिस्वा जमीन दी जाए। इस दौरान हिमाचल किसान सभा और सेब उत्पादक संघ के पदाधिकारियों ने अमेरिकी टैरिफ और भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर लगाए 50 प्रतिशत टैरिफ और रूस के साथ तेल व्यापार को लेकर जुर्माने की धमकी के विरोध में एसडीएम के माध्यम से केंद्र को ज्ञापन भेजा।