चौपाल में नशे के खिलाफ रेली में पोस्टर लेकर लोगों को जागरूक करते स्कूल की छात्रांए
चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल में समाज में बढ़ते चिट्टे के नशे को रोकने के लिए एसडीएम हेमचंद वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जागरूकता रैली निकाली। इस रैली में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, युवक मंडलों, पेंशनर एसोसिएशन, एक्स सर्विसमैन और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एसडीएम हेम चंद वर्मा ने कहा कि जनसहभागिता से ही चिट्टे जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाना संभव है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने समाज को नशे से बचाए। तहसील मुख्यालय से चौपाल बस अड्डे से होकर बाजार में रैली निकाली गई। इस दौरान युवाओं, अभिभावकों, विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। रैली के बाद जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें स्कूलों के विद्यार्थियों डेजी, शगुन शर्मा, आस्था, नव्या भूषण, समर, ध्रुव दिव शर्मा ने नशे के दुष्प्रभाव पर अपने विचार प्रकट किए। इस मौके पर तहसील कल्याण अधिकारी आशा तोमर, तहसीलदार रोहित जालटा, नायब तहसीलदार प्रशांत शर्मा, चौपाल कॉलेज प्राचार्य रविंद्र चौहान, मानव कल्याण समिति के निदेशक केशव राम लोदटा सहित अन्य मौजूद रहे।
चौपाल में नशे के खिलाफ रेली में पोस्टर लेकर लोगों को जागरूक करते स्कूल की छात्रांए