अदालत ने दोषी को 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। चेक बाउंस के मामले में दोषी को छह माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर-एक रोहड़ू ने दोषी को 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। दोषी ने परिचित व्यक्ति से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। उधारी चुकाने के लिए दिया चेक बाउंस हो गया था। शिकायतकर्ता किशोरी लाल और आरोपी फिंदू राम एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। अक्टूबर 2021 में आरोपी ने शिकायतकर्ता से घरेलू जरूरतों के लिए 50 हजार रुपये उधार देने का अनुरोध किया। उसने शिकायतकर्ता को यह आश्वासन दिया कि वह यह रकम एक साल में लौटा देगा। आरोपी को अच्छी तरह जानने के कारण शिकायतकर्ता ने आरोपी को 50 हजार रुपये रकम उधार दे दी। अपनी देनदारी चुकाने के लिए आरोपी ने शिकायतकर्ता के पक्ष में 50 हजार रुपये की रकम का एक चेक जारी किया। एक साल बाद शिकायतकर्ता ने चेक बैंक में प्रस्तुत किया, लेकिन वह बाउंस हो गया। शिकायतकर्ता ने आरोपी को कानूनी नोटिस भेजा, लेकिन आरोपी ने उक्त कानूनी नोटिस लेने से इन्कार कर दिया। इसके बाद यह शिकायत की गई। अदालत ने फैसला दिया है कि निष्कर्षों के आधार पर आरोपी को एनआई अधिनियम की धारा-138 के तहत दंडनीय अपराध करने का दोषी ठहराया जाता है। दोषी को छह महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई जाती है। उसे 55 हजार रुपये का जुर्माना अदा करने का भी निर्देश दिया जाता है, जिसे शिकायतकर्ता को मुआवजे के रूप में दिया जाएगा।