विधायक अनुराधा राणा ने रखी आधारशिला, 35 लाख रुपये की लागत से होगा भवन का निर्माण
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा ( लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने स्पीति प्रवास के दौरान रविवार को विकास खंड काजा की लोसर पंचायत के क्यामो गांव में बहुउद्देशीय भवन की आधारशिला रखी। इस भवन के निर्माण में 35 लाख रुपये की लागत आएगी। जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि इस बहुउद्देशीय भवन में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्यामो के ग्रामवासियों को गांव में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, विवाह समारोह व अन्य कार्यक्रमों को आयोजित करने में यहां सुविधा मिलेगी, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस बहुउद्देशीय भवन के धरातल मंजिल में एक बड़ा हॉल और ऊपरी मंजिल में एक कॉरिडोर सहित तीन कमरे बनाए जाएंगे। इसके बाद विधायक ने विश्व के सबसे ऊंचाई पर स्थित गेते और टशीगंग गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने हंन्सा में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय भवन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान विधायक ने चिचोंग, क्यामो, किब्बर, गेते, टशीगंग (मीरमू थंगा), कीह मॉनेस्ट्री, कीह और काजा में समस्याओं को सुना। इस मौके पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने उनके समक्ष समस्याएं रखी, जिनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया और शेष समस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला यूथ अध्यक्ष एवं जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य केसंग रापचिक, टीएसी सदस्य वीर भगत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे छेरिंग, स्पीति यूथ कांग्रेस अध्यक्ष लोबसंग, खंड विकास अधिकारी अंशुल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग जितेश शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग मनोज नेगी, नायब तहसीलदार मोहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।