पुरुषों की 10 और महिलाओं की 5 किलोमीटर दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। शिवालिक युवक मंडल बटाली की ओर से 21 अक्तूबर को बटाली मैदान में मैराथन करवाई जाएगी। इसमें 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। पुरुष वर्ग में 10 किलोमीटर और महिला वर्ग में 5 किलोमीटर की दौड़ होगी। युवक मंडल के अध्यक्ष कुशाल पाल भारद्वाज ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पुरुष प्रतिभागियों के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि महिलाओं के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। द्वितीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 3,100 रुपये और मेडल, तृतीय स्थान पर 2,100 रुपये और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 3,100 रुपये और ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 2,000 रुपये और मेडल तथा तृतीय पुरस्कार 1,000 रुपये और मेडल होगा। कुशाल भारद्वाज ने बताया कि प्रतियोगिता में निष्पक्ष निर्णय के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।