भरैड़ी गांव आग की चपेट में आया मकान जलकर हुआ राख
कुमारसैन ( रामपुर बुशहर)। कुमारसैन की भरैड़ी पंचायत में दोपहर बाद 3:00 बजे एक मकान को आग लग गई। लोग बचाव कार्य कर पाते अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में लाखों की संपत्ति राख हो गई। पंचायत की बहेड़ी गांव की कल्पना पत्नी दिवंगत ढोलाराम के नवनिर्मित मकान में आग लगी। घटना के समय वह मकान में अकेली थी। जब मकान में आग लगी तो वह बाहर निकल गई और ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इससे पहले ग्रामीण मकान को बचा पाते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग कुमारसैन को दी। विभाग की टीम ने समय पर मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति राख हो गई। इसमें घरेलू सामान, कपड़े, अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। पूर्व प्रधान देवराज वर्मा और अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित को शीघ्र उचित मुआवजा और राहत प्रदान की जाए। एसडीएम कुमारसैन मुकेश शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर 10 हजार फौरी राहत राशि दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का कारण लग रहा है।