नित्थर के ढोबा गांव के साथ जंगल में फैल आग पर कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू। संवाद
कड़ी मशक्कत कर ग्रामीणों ने देर रात तक आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर(कुल्लू)। उप तहसील नित्थर के ढोबा गांव के पास वीरवार को जंगल में भीषण आग लग गई। ग्रामीणों ने देर रात तक आग बुझाने के प्रयास किए और आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो पूरा गांव आग की चपेट में आ सकता था। ग्रामीणों ने रात भर आग बुझाने के प्रयास किए, क्योंकि आग ने गांव और घासनियों की तरफ रुख कर लिया था। यह आग मोईन गांव के साथ से लगी, जिसने वीरवार दोपहर से लेकर रात तक ग्रामीणों की परेशानी बढ़ाई। तेज हवा से इस आग ने और भयानक रूप धारण कर लिया था और आग ढोबा गांव की ओर बढ़ती गई। आग की चपेट में आने से सफेदे के कई पेड़ जल गए, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। देर रात तक ग्रामीण आग बुझाने में डटे रहे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों के सहयोग से घरों और घासनियों को जलने से बचाया गया।