संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंबर-5 में बुधवार को सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक शौचालय के पीछे सफाई की गई। अभियान की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि सफाई के दौरान मौके से नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली कुछ वस्तुएं और शराब की बोतलें मिलीं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय के पीछे काफी समय से गंदगी जमा थी। इस क्षेत्र के आसपास कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय भी स्थित हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की गंदगी और नशे से जुड़ी सामग्री का मिलना चिंता का विषय है। मौके पर नगर परिषद के कर्मचारियों की मदद से सफाई अभियान चलाया गया। वार्ड नंबर-5 की पार्षद निकिता गुप्ता भी सफाई अभियान के दौरान मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी एसडीएम रामपुर को दी गई है। पुलिस प्रशासन को भी स्थिति से अवगत करवाया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या विभाग पर सवाल उठाना नहीं है, बल्कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित और नशामुक्त बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियां, नशीले पदार्थों से संबंधित वस्तुएं या गंदगी दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें और इसकी सूचना संबंधित प्रशासन या पुलिस को दें।
उन्होंने कहा कि सफाई अभियान के दौरान सामने आई स्थिति ने सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई के साथ-साथ नशे की गतिविधियों पर निगरानी की आवश्यकता को भी उजागर किया है।