ननखड़ी की खमाडी पंचायत में भालू ने गोशाला का दरवाजा तोड़ गाय को उतारा मौत के घाट। संवाद
बड़ाच में दहशत में ग्रामीण, वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग
रिहायशी इलाके में भालू के आतंक से सहमे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)।
ननखड़ी तहसील में भालुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बड़ाच पंचायत में मंगलवार रात को भालू ने गोशाला का दरवाजा तोड़कर गाय को मौत के घाट उतार दिया। मंगलवार देर रात को भालू ने विजय ठाकुर, निवासी बड़ाच की गोशाला का दरवाजा तोड़ा और गाय पर हमला किया। इसकी सूचना गोशाला के मालिक ने पंचायत प्रधान को दी। उन्होंने वन विभाग ननखड़ी को सूचित किया। मौके पर प्रधान संतोष कुमार और वन विभाग की टीम ने जायजा लिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने की मांग की है और पिंजरे स्थापित करने की गुहार लगाई है। भालू के हमले से ग्रामीणों में दहशत है। बीते कई दिनों से ननखड़ी तहसील में भालुओं का कहर जारी है। रिहायशी क्षेत्राें में भालुओं के आने से ग्रामीण खौफजदा हैं। बीते दिनों में कई गांवों में भालुओं ने मधुमक्खी के बॉक्स क्षतिग्रस्त कर दिए थे। उधर, रेंज अधिकारी ननखड़ी नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। वहां पिंजरा लगाया जाएगा, ताकि भालू को पकड़ा जा सके। गाय के मालिक को वन विभाग की ओर से मुआवजा दिया जाएगा।