सांगला (किन्नौर)। रिकांगपिओ अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। रोगी कल्याण समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। अध्यक्षता उपायुक्त डीडी शर्मा ने की। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि रोगियों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए अस्पताल के आपरेशन थियेटर में कार्डिक मॉनिटर और आधुनिक आपरेशन टेबल लगाया जाएगा। डिजिटल एक्सरे प्लांट लगाने के लिए सरकार से अनुदान के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। अस्पताल में बिजली की नियमित आपूर्ति के लिए 100 केवी जेनरेटर सेट खरीदने का भी निर्णय लिया गया। अस्पताल में शरारती तत्वों पर नजर बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी प्रावधान होगा। बैठक में अस्पताल के यूजर चार्ज में भी बदलाव किया गया। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस का चार्ज चार सौ रुपये से घटा कर तीन सौ तथा फिजियोथैरेपी शुल्क पांच से बढ़ा कर दस रुपये प्रति सत्र किया गया है। बीते वर्ष रिकांगपिओ अस्पताल में हुए नुकसान के कारण भवन को हुई क्षति को भी पूरा किया जाएगा। भवन की मरम्मत और रंग रोगन का कार्य किया जाएगा। वहीं इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रधान ने रिकांगपिओ अस्पताल के लिए मुफ्त एलईडी मुहैया करवाने की भी घोषणा की। इस मौके पर एसडीएम कल्पा डा. मेजर विशाल शर्मा भी मौजूद रहे।