लोक कलाकार सांस्कृतिक
संध्याओं में मचाएंगे धमाल
रोहड़ू में मनाया जा रहा जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला
मेले के दौरान विभिन्न खेलों का किया जाएगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला 22 अक्तूबर से शुरू होने जा रहा है। दो दिवसीय रेडक्रॉस मेले के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले का शुभारंभ राज्य रेडक्रॉस सोसायटी की उपाध्यक्ष साधना ठाकुर करेंगी। वही मेले का समापन 23 अक्तूबर को उपायुक्त शिमला अमित कश्यप की ओर से किया जाएगा। समापन समारोह के दिन दोपहर बाद तीन बजे रेफरल ड्रा निकाला जाएगा। मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन रोहड़ू के रामलीला मैदान में किया जाएगा। मेले में दो दिनों में विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें वॉलीबाल, कबड्डी, रस्साकशी घड़ाफोड़, तंबोला गेम, बेबी शो, जलेबी रेस, स्पून रेस, म्यूजिल चेयर रेस का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्कूली बच्चों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ नशा निवारण एवं स्वच्छता को लेकर नाटिकाओं का मंचन भी किया जाएगा।
मेले में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या मे 22 अक्तूबर की शाम लोक गायक सुनील शर्मा, नरेंद्र रंजन और लोकेंद्र चौहान सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 23 अक्तूबर को सांस्कृतिक संध्या में दिवान सिवान, कार्तिक शर्मा, एचडी ब्रदर्स व विक्की चौहान सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
इस संबंध में एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा के अनुसार रेडक्रॉस मेले को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न मनोरंजक स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। सांस्कृतिक संध्याओं में भी लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मेले के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।