पीटीए फंड से चल रही
स्कूलों में सफाई व्यवस्था
शिक्षा विभाग के सफाई कर्मचारी वर्षों से झेल रहे हैं परेशानी
मांगों को लेकर सीएम से मिलेगा यूनियन का प्रतिनिधिमंडल
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के तहत शिक्षा विभाग के कार्यरत सफाई कर्मचारी लंबे समय से वेतन के लिए मानसिक परेशानी झेल रहे हैं। शिक्षा विभाग में तैनात सफाई कर्मचारियों को पीटीए के तहत जो फंड विद्यार्थियों से एकत्र किया जाता है, उससे कुछ रुपये इनको वेतन के रूप में दिए जाते हैं। यह कर्मचारी 10 से 18 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें दैनिक भोगी नहीं बनाया गया है। अब इस समस्या को लेकर जल्द ही यूनियन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा।
इसी कड़ी में रामपुर यूनियन की एक बैठक यूनियन अध्यक्ष रामदत्त की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारी नेता कुशाल शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने निर्णय लिया कि जल्द ही कर्मचारी यूनियन का प्रतिनिधिमंडल मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलेगा और अपना मांग पत्र सौंपेगा। वहीं प्रदेश सरकार से कर्मचारियों को दैनिक भोगी बनाकर अपने अधीनस्थ लाने की मांग रखेंगे, जिससे कर्मचारियों को राहत मिल सके। इस अवसर पर ललित कुमार, जिया लाल, कैलाश, मूलराज, नारा देवी, शीला देवी, चिंता देवी, राज कुमार, कांता देवी, संदीप कुमार, कालू राम, गीता देवी और पद्म देवी सहित अन्य सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।