पांच से होगी छात्र वर्ग की
अंडर-19 खेल प्रतियोगिता
तिथियों में फेरबदल, आठ को शिक्षा मंत्री करेंगे विजेताओं को सम्मानित
40 स्कूलों के छह सौ के करीब छात्र खिलाड़ी प्रतियोगिता लेंगे भाग
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर खंड की छात्र वर्ग की अंडर-19 खेल प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दोफदा में 5 से 8 अगस्त तक किया जाएगा। प्रतियोगिता से जुड़े प्रशासनिक अधिकारियों की व्यस्तता के चलते प्रतियोगिता की समयसारिणी में बदलाव किया गया है। पहले प्रतियोगिता 10 से 13 अगस्त तक आयोजित की जानी थी। प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रदेश शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज बतौर मुख्यातिथि विजेता छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे।
इस संबंध में खंड समन्वयक कन्या स्कूल रामपुर के प्रधानाचार्य रत्न गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में रामपुर खंड के 40 के करीब स्कूलों के लगभग छह सौ खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ी वालीबॉॅल, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। पहले प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 13 अगस्त तक किया जाना था, लेकिन अब इसके समय में परिवर्तन किया गया है। जिसकी सूचना सभी संबंधित स्कूलों को भेज दी गई है। वहीं प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूरी ली गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के खेल प्रभारी चंद्र बदरेल और सुभाष रांझा को नियुक्त किया गया है।