दो साल के मेधावी किए जाएंगे पुरस्कृत
पीजी कॉलेज में दो वर्ष साल बाद होगा वार्षिक समारोह
कॉलेज प्रशासन अगस्त माह में करेगा आयोजन : कश्यप
सुभाष सेन
रामपुर बुशहर। गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल कॉलेज रामपुर में दो साल के बाद वार्षिक समारोह होने जा रहा है। कॉलेज प्रबंधन अकादमिक गतिविधियों में हुई बढ़ोतरी के कारण दो साल से समारोह का आयोजन नहीं करवा पाया है। अब इस साल अगले माह अगस्त में समारोह के आयोजन का फैसला लिया गया है। इसके लिए दो साल में कॉलेज से पासआउट हो चुके सभी मेधावियों को आमंत्रित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शैक्षणिक सत्र 2016-17 और 2018 में पीजी कॉलेज रामपुर में वार्षिक समारोह नहीं मनाया गया। रूसा और कॉलेज में चल रही पीजी कक्षाओं के चलते अकादमिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसी कारण समारोह नहीं हो पाया। हालांकि कॉलेज में करोड़ों रुपये की लागत से ऑडिटोरियम का निर्माण किया गया है। कुछ समय पूर्व रूसा की ग्रांट से ऑडिटोरियम में आधुनिक साउंड और लाइट सिस्टम भी अपग्रेड किया गया है, लेकिन वार्षिक समारोह नहीं होने से पास आउट होने वाले छात्र-छात्राओं में काफी निराशा थी।
इस संबंध में कॉलेज प्राचार्य पीसी कश्यप ने बताया कि अकादमिक ड्यूटी बढ़ने के कारण कॉलेज में दो साल वार्षिक समारोह नहीं हो पाया है। इस वर्ष अगस्त माह में वार्षिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूर्व में रहे कॉलेज के मेधावियों को भी आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।