रोहडू। धारा-भलाडा-मलखून संपर्क सड़क की हालत खस्ता हो गई है। सड़क पर छोटे वाहन फंस रहे हैं। इधर, सड़क की हालत खस्ता होने के कारण परिवहन निगम की बसें भी आधे रास्ते से वापस आ रही हैं। ग्रामीणों ने सड़क की हालत को लेकर एसडीएम रोहडू को शुक्रवार को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने बताया कि सड़क करीब ग्यारह साल पहले बस के लिए पास की गई। दो साल पहले सड़क को प्रधानमंत्री सड़क योजना में पक्का करवाने के लिए धन मुहैया करवाया गया। सड़क को पक्का करने और नालियों को बनाने के टेंडर दो साल पहले हो चुके हैं। सतीश, चेत राम, अमर सिंह, देस राज ने बताया कि सेब सीजन सिर पर है। सड़क पर वाहन तो दूर पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। लोगों को घर तक सामान और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सेब सीजन से पहले सड़क की दशा सुधारने के लिए कई बार लोनिवि के अधिकारियों से आग्रह किया। अभी तक आश्वासन ही मिले हैं। सेब सीजन के लिए कुछ दिन शेष हैं। यदि सड़क नहीं सुधरी तो बागवान सेब मंडियों तक कैसे पहुंचाएगा। एसडीएम बीआर शर्मा ने कहा लोगों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला है। इस बारे में लोनिवि के अधिकारियों से बात की जाएगी।