अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर की धारगौरा पंचायत के पांच गांवों में पिछले पांच दिनों से अंधेरा पसरा हुआ है। बीते दिनों मौसम खराब होने से बिजली गिरने से 63 केवी का ट्रांसफार्मर जलने से बिजली गुल है। इससे लोगों को अंधेरे में रहने का मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
गौरा, मकरोड़ा, धारा, कांदलू नाला और धड़ीडवार में बिजली की समस्या से लोग बेहाल हैं। नेत्रपाल, कृष्ण चंद, एसी चौहान, देवेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह, सुशील कुमार, लक्ष्मी नंद, शांति और कमला नंद ने कहा कि कुछ दिन पूर्व बिजली गिरने से 63 केवी का ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उधर, विद्युत बोर्ड सराहन के एसडीओ प्रदीप नेगी बताया कि बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जल गया है। ऐसे में लोगों को आपूर्ति नहीं मिल रही है। कर्मचारी फील्ड में जाकर लाइट को सुचारु करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। यहां के लिए दूसरे ट्रांसफार्मर का प्रबंध किया जा रहा है।