अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल (रोहड़ू)।
रानवी में वीरवार को पूरी रात बिजली व्यवस्था ठप रही। सड़क हादसे में मरे गांव के लोगों के शवों का वीरवार को दाह संस्कार नहीं हो सका था। ऐसे में ग्रामीणों को शवों को तिरपाल के नीचे रखकर अंधेरे में रात भर जागना पड़ा। मातम के इस मौहाल में बिजली ने भी उनका दुख बढ़ा दिया।
वीरवार को हुए सड़क हादसे के बाद रानवी गांव में मातम है। शुक्रवार को भी दिन पर बिजली गुल रही। बिना बिजली के ग्रामीण अपने मोबाइल फोन भी चार्ज नहीं कर सके। लचर बिजली सेवाओं के प्रति ग्रामीण में भी रोष है। पंचायत के उप प्रधान राम लाल थोपटा, चंद्रेश्वर शर्मा, मोहन लाल, प्रदीप कुमार, रविंद्रनाथ, प्रकाश चंद ने बताया कि ग्रामीणों को मातम के माहौल में रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता बलदेव चंद ने बताया कि मुख्य फ्यूज उड़ने से बिजली गुल हुई है। उसे ठीक कर दिया गया है।