रामपुर बुशहर। निरमंड-वजीर बावड़ी मार्ग पर रविवार रात को हुए कार हादसे के बाद डीसी कुल्लू ने लोक निर्माण विभाग से दो दिन के भीतर सुरक्षा रिपोर्ट मांगी है। हालांकि सड़क सुरक्षा की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग ने भूवैज्ञानिकों की टीम बुलाई है, जो वीरवार को घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण करेगी और सुरक्षा का जायजा लेगी।
गौर हो कि रविवार देर शाम करीब सात बजे वजीर बावड़ी निरमंड सड़क पर चलती कार पर चट्टानें गिरने से उसमें सवार छह लोगों की मलबे में दब कर मौत हो गई थी। इसके बाद बुधवार को जिला कुल्लू उपायुक्त यूनुस ने लोक निर्माण विभाग को दो दिन के भीतर सुरक्षा रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग ने यहां पहाड़ी की जांच करने के लिए चंडीगढ़ से भूवैज्ञानिकों को बुलाया है। दो सदस्यों की टीम वीरवार को सुबह 10 बजे घटनास्थल पर जाकर मौके का जायजा लेगी और सड़क पर वाहनों की आवाजाही को लेकर रिपोर्ट तैयार करेगी। बहरहाल हादसे के तीन दिन बाद भी वजीर बावड़ी-निरमंड सड़क पर यातायात बहाल नहीं हो पाया है। रामपुर से वाहनों को वाया दत्तनगर बायल होते हुए भेजा जा रहा है। तहसीलदार निरमंड नीरजा शर्मा ने बताया कि कुल्लू जिला उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को दो दिन में सड़क की सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। उधर, लोक निर्माण विभाग ब्रौ के एसडीएम राजेश शर्मा ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लेने के लिए चंडीगढ़ से भूवैज्ञानिकों की टीम बुलाई है। दो सदसीय यह टीम वीरवार सुबह दस बजे से मौके पर पहुंचकर जायजा लेगी।