गोसदन तो बनाया, देखरेख करने वाला कोई नहीं
रामपुर नगर परिषद ने खोपड़ी के पास बनाया है गोसदन
अव्यवस्था को दूर करने के लिए एसडीएम से लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर नगर परिषद के तहत लंबे समय से खोपड़ी के साथ गोसदन का निर्माण किया गया है। जिसका अभी तक आधिकारिक रूप से शुभारंभ नहीं हो पाया है। यहां वर्तमान में करीब दो दर्जन पशु हैं, जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है।
लोगों के अनुसार रामपुर ब्रौ पुल के साथ नगर परिषद ने औपचारिकता के तौर पर गोसदन तो बना दिया है, लेकिन उसकी देखरेख और यहां आए पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था कैसे होगी इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। वर्तमान समय में ब्रौ क्षेत्र के गोरक्षक अपनी स्वेच्छा से यहां पर घास और अन्य सुविधाएं मुहैया करवा रहे हैं। यहां कई आवारा पशु घायल अवस्था में पड़े हुए हैं, जिनकी देख-रेख करने वाला कोई नहीं है। इस संबंध में एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि गोसदन की समस्या को लेकर लोग उनसे मिले हैं। नगर परिषद् की ओर से बनाए गए गोसदन को लेकर शिकायत आई है। इस संबंध में नगर परिषद को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।