अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू।
यूथ क्लब रोहड़ू की ओर से रविवार को अनाथ व मानसिक रूप से अक्षम बच्चों के लिए सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तुरबा गांधी बाल आश्रम चिड़गांव, बाल आश्रम मसली व जागृति स्पेशल स्कूल रोहड़ू से आए अनाथ बच्चों ने प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर धमाल मचाया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का जमकर लुत्फ उठाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन रविवार को दोपहर बाद शुरू हुआ, जो देर शाम तक चला। सबसे पहले अनाथ व मानसिक रुप से अक्षम बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियां दी। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों की खूब तालियां बटोरीं। शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। इसमें लोक कलाकार नरेंद्र रंजन ने तेरा मेरा पयार आड़िये, ऐजी बुशा नागा साहबा, बुरा लागा तेरा, मेरे मामा रांजिया मामा आदि पर धमाल मचाया। लोक गायक संतोष तोषी ने लागा-लागा तांतरा लाग, बेलुए बुरा आया जमाना, किंदे ले चाले भागाराथिए गीत गाए। विमल नेगी ने टेंशन नहीं लेने का, पिट्टा-पिट्टा विस्की तुंगो समेत कल्पना तोमर, कार्तिक शर्मा ने भी प्रस्तुतियां दीं। क्लब के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, उपाध्यक्ष संगीता खुराना ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन अनाथ बच्चों व मानसिक रूप से अक्षम बच्चों के लिए किया गया था। कार्यक्रम में रुद्रा म्यूजिकल बैंड ग्रुप की ओर से संगीत दिया जाएगा। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष राधेश्याम, उपाध्यक्ष रंजना रेटका भी उपस्थित रहे।