रामपुर बुशहर। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्वास्थ्य केंद्र खोले हैं। लेकिन इनमें स्टाफ नहीं दिया जा रहा और न ही उनकी सुध ली जा रही। रामपुर खंड की बाहली पंचायत के उप स्वास्थ्य केंद्र पलजारा का भी यही हाल है। यहां पर बीते पांच वर्षों से ताला लटका हुआ है। कभी कभी यहां पर डेपुटेशन के सहारे बच्चों का टीकाकरण होता है। हाल ही में हुड़दंगियों ने उप स्वास्थ्य केंद्र पलजारा में ताला तोड़कर तोड़फोड़ की है। यहां दवाइयों और उपचार सामग्री को नष्ट कर इधर उधर फेंक दिया।
हुड़दंगियों ने स्वास्थ्य केंद्र की अलमारी और अन्य कीमती सामान को खराब कर दिया है। लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। करीब 90 के दशक में बने इस केंद्र में स्वास्थ्य कर्मचारी की तैनाती नहीं कर सके। उप स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र की बाहली, नरैण और देवनगर पंचायत के लोगों को लाभ मिलता है। लेकिन स्टाफ न होने के कारण यहां से लोगों को मायूस लौटना पड़ता है। बाहली पंचायत प्रधान वीरेंद्र भलूनी, उप प्रधान सुरेंद्र कुमार, रोमिला देवी, किरण प्रभा, प्रोमिला, आगरदास भंडारी, देशरतन, महेंद्र सिंह भंडारी, नंद लाल, गुलाब सिंह, दलीप कुमार और सार चंद आदि ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र पलजारा की हालत खराब है। पंचायत से स्वास्थ्य विभाग को प्रस्ताव भेज कर यहां की खस्ता हालत सुधारने की मांग भी की गई थी। लेकिन विभाग ने कुछ नहीं किया। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से जल्द यहां स्वास्थ्य कर्मी की तैनाती करने की मांग की है।
स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पद को लेकर समय-समय पर विभाग के अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाती है। हुड़दंगियों की ओर से स्वास्थ्य केंद्र में सामग्री से छेड़छाड़ के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो बाहली स्थित अधिकारी को उप स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि सरकारी संपत्ति के साथ छेड़छाड़ की गई है तो आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया जाएगा।
-आरके नेगी,
खंड चिकित्सा अधिकारी, रामपुर