अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई(रोहड़ू)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल क्यारी के वार्षिक समारोह में स्कूली छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रही। छात्रों ने एक के बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर लोगों का जमकर मनोरंजन किया। इस दौरान स्कूल के होनहार छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य नरपाल चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर पारितोषिक वितरण किया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति देकर रंगारंग कार्यक्रम का आगाज किया। स्कूल की प्रधानाचार्य अलका यादव ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर साल भर की गतिविधियों से उपस्थित लोगों को अवगत करवाया। छात्रों ने पहाड़ी लोकनृत्य, भंगड़ा, कथक, एकल गान, समूह गान सहित अलग-अलग विषयों पर आधारित लघु नाटिकाओं का मंचन किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे छात्रों को पुरस्कृत किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में अजय शर्मा, अर्जुन, अमन शर्मा, हिमालयन, हर्षिता, पूजा शर्मा, रवीना, अभिषेक शर्मा, तान्या, पूजा, मोनिका, शबनम, आर्यन सूद, कर्ण को पुरस्कृत किया गया।
अभिषेक शर्मा और खागेंद्र को स्कूल के बेस्ट छात्र के पुरस्कार से नवाजा गया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सहित बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित थे।