फांचा पंचायत की 3 परियोजनाओं
ने जमा नहीं की लाडा की राशि
बकाया राशि जमा न होने से क्षेत्र में विकास कार्यों पर लगा ग्रहण
ग्रामीणों की दो टूक, जल्द राशि जमा न हुई तो पंचायत के हजारों लोग करेंगे प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बशहर। रामपुर उपमंडल की दुर्गम पंचायत फांचा में 3 जल विद्युत परियोजनाएं खुद तो मोटी कमाई कर रही हैं, लेकिन पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों पर परियोजनाओं की वजह से ग्रहण लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तीनों जल विद्युत परियोजाएं बिजली उत्पादन करने के बावजूद भी आज तक बकाया लाडा की राशि जमा नहीं कर रही हैं। फांचा पंचायत ने चेताया है कि यदि जल्द ही लाडा की बकाया राशि जमा नहीं की गई तो परियोजनों के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वीरवार को इस संबंध में फांचा पंचायत के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि फांचा पंचायत के तहत अपर नंती, कुर्मी एनर्जी और लोअर नंती जल विद्युत परियोजनाओं ने लाडा की राशि जमा नहीं की है, जो कि तीन किश्तों में जमा की जानी थी। पंचायत प्रधान सबेर चंद कश्यप ने कहा कि तीनों पावर प्रोजेक्ट जनरेशन में हैं, लेकिन आज तक बकाया लाडा की राशि जमा नहीं की गई है। पंचायत क्षेत्र की जनता ने मांग की है कि लाडा की राशि जल्द से जल्द जमा की जाए। वहीं, उन्होंने चेताया है कि यदि लाडा की बकाया राशि समय रहते जमा नहीं की गई तो तीनों परियोजनाओं के खिलाफ ग्रामीण लामबंद होकर धरना देंगे। इस मौके पर उप प्रधान सुरेंद्र नेगी, केदार नेगी, चेतराम, सुना कश्यप, राजेंद्र मेहता, जगदीश कश्यप और श्याम लाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।