अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
पांच मेगावाट की करेरी समल हाइड्रो विद्युत परियोजना के खिलाफ अन्नुराक्षी के ग्रामीणों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर उनकी मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई है। परियोजना प्रभावित अन्नुराक्षी के ग्रामीणों ने नारेबाजी की। उन्होंने लाडा की राशि, रोजगार, फसलों का मुआवजा देने की मांगें उठाई हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि कि यदि 15 दिनों में मांगें नहीं मानी तो ग्रामीण परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन और तेज कर देंगे। अन्नुराक्षी गांव के ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रभावितों ने कहा कि लाडा राशि से प्रभावित गांव में नियमानुसार काम शुरू होने से पहले कुल राशि का 10 प्रतिशत जमा किया जाए। इसके अलावा प्रभावितों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार दिया जाए। इसके अलावा ग्रामीणों ने अन्नुराक्षी गांव के लिए सिंचाई के लिए पाइप और नहर की व्यवस्था, गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की। परियोजना निर्माण की ओर से निजी भवनों और फसलों को हो रहे नुकसान का मुआवजा भी देने की मांग उठाई। प्रभावितों ने परियोजना प्रबंधन से 15 दिनों के अंदर सभी मांगों को पूरा करने की मांग उठाई है। इस दौरान कनम, अशोक, सुभाष, सोनू, प्रदीप, रोहित, सुरेंद्र, संदीप चौहान, राज कुमार, प्यारे लाल, हीरा सिंह, भजन दास, बसंत लाल, सत्या, सुनीता, पुष्पा, कला, बबली, सीता, बती देवी, नीलमा, सेवा दासी के अलावा कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे। परियोजना प्रबंधक हिमांशु ने कहा कि परियोजना से संबंधित जो भी नियम है, उसे पूरा किया जाएगा। परियोजना प्रबंधन ने स्थानीय लोगों को रोजगार दिया है। साथ ही अन्य जो भी मुद्दे ग्रामीणों की ओर से उठाए जा रहे हैं, उन्हें भी नियमानुसार पूरा किया जाएगा।